गम्हरिया: प्रखंड के रापचा पंचायत अंतर्गत पिंड्राबेड़ा गांव में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता माझी बाबा बुद्धेश्वर मार्डी ने की. बैठक में बाहा पर्व के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.


बैठक में गांव की महिलाओं ने पहल करते हुए सर्वसम्मति से 22 फरवरी को बाहा पर्व मनाने का निर्णय लिया. तय किया गया कि पर्व के आयोजन में महिलाओं की सक्रिय और निर्णायक भागीदारी रहेगी.
पंचायत की मुखिया सुकमति मार्डी ने बाहा पर्व के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि बाहा पर्व आदिवासी समाज की परंपरा, प्रकृति और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे गांव के सभी लोग मिलजुल कर मनाएंगे.

बैठक में गांव में शराब बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने, शादी-विवाह एवं श्राद्ध जैसे सामाजिक कार्यों में एक-दूसरे को आर्थिक सहयोग देने का भी निर्णय लिया गया. साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर सामूहिक रूप से रोक लगाने पर सहमति बनी.
बैठक के उपरांत सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.

