गम्हरिया/ Parmeshwar Gorai प्रखंड के रापचा पंचायत में ग्रामीण महिला उत्थान समिति रापचा की राशन दुकान से अनाज नहीं मिलने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को दिए आवेदन में बताया कि वे सभी दिहाड़ी मजदूर हैं और पिछले दो वर्षों से इसी दुकान से राशन प्राप्त कर रहे हैं.

ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर रीना महाली बार- बार अनाज देने से मना कर देती है. ग्रामीण जब भी राशन लेने जाते हैं तो डीलर कहती है कि अनाज नहीं आया है जबकि दुकान में अनाज भरा रहता है. डीलर ग्रामीणों से कहती है कि “आप लोग कहीं भी शिकायत कर दो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से चावल, गेहूं, दाल, तेल, धोती-साड़ी और बाना हाल का वितरण नहीं किया गया है. उनका आरोप है कि, दुकान से अनाज कार और टेंपो से बाहर कालाबाजारी में भेजा जाता है. करायेदार को समिति का सदस्य बनाकर दुकान का संचालन किया जा रहा है. पिछले दो वर्षों से समिति सचिव के बिना ही दुकान चलाई जा रही है. दुकान निजी आवास से चलाई जा रही है जबकि इसका संचालन निर्धारित स्थान से होना चाहिए. हरा राशन कार्ड धारियों को भी पिछले दो वर्षों से राशन नहीं दिया गया है. ग्रामीणों ने प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी से मांग की है कि रापचा समिति दुकान की जल्द जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि गरीब मजदूरों को सरकार द्वारा दिया जाने वाला राशन नहीं मिल रहा है और वे लोग हर दिन भुखमरी की कगार पर पहुंच रहे हैं.

