गम्हरिया/ Shubham Mishra मूल निवासी संघ की ओर से रविवार को जमालपुर दुर्गा पूजा मैदान में मातृ-पितृ पूजन दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संघ के सदस्य, अभिभावक और बच्चे शामिल हुए.


इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने पारंपरिक विधि से अपने माता-पिता का पूजन-अर्चन कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की. बच्चों द्वारा माता-पिता के चरण स्पर्श और आरती करने का दृश्य काफी भावुक और प्रेरणादायक रहा.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि माता-पिता जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं. उनके आशीर्वाद और संस्कार से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनता है. ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और कर्तव्य का भाव सिखाते हैं.
इस मौके पर आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 की नवनिर्वाचित पार्षद नीतू शर्मा एवं वार्ड 15 के पार्षद डॉ. नथुनी सिंह को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने समाज में पारिवारिक मूल्यों और माता- पिता के सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया.

