गम्हरिया/ Bipin Varshney श्री श्री ठाकुर अनुकुलचंद्र जी के 138वें जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को गम्हरिया स्थित रामचंद्रपुर फुटबॉल मैदान में ‘कृष्टि-दीपा महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर देवघर से गुरु परिवार के पूजनीय बिंकी दा पधारे. उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रवचन दिया.


महोत्सव में कोल्हान क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में एक लाख से अधिक अनुयायी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान भजन- कीर्तन, प्रार्थना, सत्संग तथा भंडारा का भी आयोजन किया गया. इस मौके पर कई प्रमुख हस्तियां भी पहुंचीं और मत्था टेककर आशीर्वाद लिया. इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मीरा मुंडा, गणेश महाली तथा संजय सरदार शामिल रहे.
महोत्सव के दौरान सुबह से ही विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए. इसमें प्रार्थना, सत्संग, संगीतांजलि, धर्मसभा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ. श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा-भाव के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.

