गम्हरिया: छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान में करम अखाड़ा समिति की ओर से करम उत्सव का आयोजन किया गया. इस मौके पर अच्छी फसल, परिवार की समृद्धि और सुख- शांति की कामना करते हुए श्रद्धा और उल्लास से करम पर्व मनाया गया. महिलाओं ने अपने भाइयों की लंबी उम्र और सलामती के लिए उपवास रखकर करम (कर्म) वृक्ष की डालियों की पूजा- अर्चना की.

आयोजक सबिता महतो ने बताया कि यह पर्व भाई- बहन के रिश्ते को मजबूत करने का प्रतीक है. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व पंसस खांदो देवी, पद्मश्री छुटनी महतो और मुखिया निरोला सरदार ने कहा कि भाषा और संस्कृति ही समाज की पहचान है.
इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक करम नृत्य और गीत प्रस्तुत कर हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. आयोजन को सफल बनाने में सबिता महतो, रानी महतो, ममता, केशोवती, सेफाली, ओंगोना, नमिता, अनिंदिता, सुचिता, लक्खीप्रिया और बिंदु सहित अन्य का विशेष योगदान रहा.

