सरायकेला: उपायुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनसेवक रामप्रसाद गोराई को प्रशासनिक दृष्टिकोण एवं कार्यहित में झारखंड राज्य खाद्य निगम गोदाम, गम्हरिया में सहायक गोदाम प्रबंधक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है.

जारी आदेश में कहा गया है कि श्री गोराई अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ यह अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे. उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे अविलंब गम्हरिया स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम गोदाम का प्रभार ग्रहण करें और सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को गम्हरिया JFC गोदाम में भीषण आग लगी थी, जिसमें एजीएम अभिषेक हाजरा और डीएसडी ठेकेदार राजू सेनापति गंभीर रूप से झुलस गए थे. इलाज के क्रम में दोनों की टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में मौत हो गई थी. उस घटना के बाद से सहायक गोदाम प्रबंधक का पद रिक्त था.
इधर, जांच रिपोर्ट आने के बाद अब स्थिति में बदलाव देखा जा रहा है. जिला जांच टीम की प्रारंभिक रिपोर्ट में दिवंगत एजीएम अभिषेक हाजरा की किसी तरह की संलिप्तता सामने नहीं आई है. इसके बाद से लोगों की मानसिकता भी धीरे-धीरे बदल रही है.
स्थानीय लोगों और विभागीय कर्मियों का कहना है कि अभिषेक हाजरा और ठेकेदार राजू सेनापति ने आगजनी के दौरान सरकारी संपत्ति को बचाने की पूरी कोशिश की और अपने प्राणों की आहुति देकर कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की. लोग दोनों को शहीद का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं.
अब रामप्रसाद गोराई की नियुक्ति के साथ उम्मीद जताई जा रही है कि गोदाम के प्रशासनिक कार्य और आपूर्ति श्रृंखला जल्द ही सामान्य हो जाएगी.

