गम्हरिया: प्रखंड के मुड़िया पंचायत सचिवालय में आगामी 12 फरवरी को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर को सफल बनाने के लिए मुखिया लखेंद्र हांसदा ने पंचायत सचिवालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.

उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर फ्लैट गार्ड फिल्टर प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है. शिविर में पंचायतवासियों के लिए विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की समुचित व्यवस्था की गई है. जांच शिविर में रक्त परीक्षण, स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा परामर्श, रक्तचाप जांच, नेत्र जांच, त्वचा रोग जांच, मधुमेह जांच तथा दंत जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी. विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपस्थित रहकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेगी और आवश्यक परामर्श प्रदान करेगी.
मुखिया ने पंचायतवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं. उन्होंने कहा कि समय पर जांच कराने से बीमारियों का शीघ्र पता चलता है और बेहतर उपचार संभव हो पाता है. इस आयोजन को सफल बनाने में पंचायत समिति सदस्य सावित्री महतो, समाजसेवी चंदन महतो सहित सभी वार्ड सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

