गम्हरिया: प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब साधु के वेश में घूम रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. हाल के दिनों में साधु- संत के वेश में ठगी की बढ़ती घटनाओं को लेकर लोग पहले से सतर्क थे. इसी सतर्कता के कारण दोनों की गतिविधियों पर लोगों की नजर पड़ी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे प्रखंड मुख्यालय परिसर में घूम रहे दोनों व्यक्तियों से लोगों ने पूछताछ की. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों का संदेह और गहरा गया, जिसके बाद दोनों को घेर लिया गया.
आक्रोशित लोगों ने दोनों के भगवा वस्त्र उतरवाकर उन्हें सामान्य कपड़े पहनाए और परिसर से वापस लौटा दिया. इस दौरान लोगों ने साफ कहा कि साधु वेश की आड़ में किसी भी तरह की ठगी या गलत गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
घटना के बाद क्षेत्र में यह संदेश गया कि लोग अब पूरी तरह सजग हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी अपील की है कि ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि आम लोगों को ठगी से बचाया जा सके.

