गम्हारिया: खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बुधवार को गम्हारिया क्षेत्र के विभिन्न रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंटों की स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य भंडारण की स्थिति और भोजन तैयारी में उपयोग किए जा रहे सामग्री की गुणवत्ता की विस्तृत जांच की गई.

जांच के क्रम में एक रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना लिया गया. प्रारंभिक जांच में पनीर मिलावटी पाए जाने पर कुल 8 किलोग्राम पनीर मौके पर ही नष्ट कराया गया.
निरीक्षण के बाद खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री केवल प्रमाणित और विश्वसनीय स्रोतों से ही खरीदी जाए. किसी भी प्रकार की एक्सपायर्ड, बिना लेबल या संदिग्ध खाद्य सामग्री का उपयोग न किया जाए. उन्होंने किचन और भंडारण क्षेत्र की नियमित सफाई, खाद्य पदार्थों को ढककर सुरक्षित रखने तथा कर्मचारियों द्वारा साफ वर्दी, हैंडग्लव्स और हेडकवर का प्रयोग अनिवार्य करने को भी कहा.
उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

