गम्हरिया: गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बुरूडीह पंचायत स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में सोमवार को शिव विवाहोत्सव के उपरांत भव्य प्रीतिभोज का आयोजन किया गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी और पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा.

प्रीतिभोज से पूर्व श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक रूप से ब्राह्मण भोज संपन्न कराया गया. इसके बाद सामूहिक प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया.
आयोजन समिति के अनुसार देर शाम तक करीब पांच हजार से अधिक श्रद्धालु प्रीतिभोज में शामिल हो चुके थे. पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई.
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रघु मंडल, पूर्व वार्ड सदस्य कविलाल मंडल, अर्जुन मंडल, कुबेर मंडल, वृहस्पति मंडल सहित आयोजन समिति के महिला एवं पुरुष सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे. ग्रामीणों की सहभागिता से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

