गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हारिया थाना अंतर्गत रामचंद्रपुर के समीप एक गड्ढे से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान शोम हेंब्रम, उम्र लगभग 25 वर्ष, पिता स्वर्गीय फूची हेंब्रम, निवासी चम्पाईडीह, पंचायत बुरूडीह, पोस्ट बुरूडीह के रूप में की गई है.

पारिवारिक जानकारी के अनुसार मृतक की एक पत्नी और एक 5 साल का बेटा है. बताया जा रहा है कि शोम हेंब्रम संभवतः रविवार को अपनी बाईक से रापचा गांव में फुटबॉल मैच देखने गया था. लौटने के दौरान सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई. सोमवार सुबह उसका शव एक गड्ढे में पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी.
घटनास्थल पर पहुंची गम्हारिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है.
इधर, अचानक हुई इस घटना से मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है.

