गम्हरिया/ Bipin Varshney सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल कार्यालय परिसर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब परिसर में गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष जेएन. दास कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने इसे धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाली घटना बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए गम्हरिया अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार तथा आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन की मौजूदगी में गाय के बछड़े के कटे सिर को विधिवत रूप से जमीन में दफन कराया गया.
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों की पहचान की जाएगी और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है.

