गम्हरिया: प्रखंड में नवपदस्थापित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात ने पदभार ग्रहण करते ही शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की पहल शुरू कर दी है. पदभार संभालने के बाद उन्होंने प्रखंड के विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की.

समीक्षा के दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा पठन- पाठन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता, छात्रवृत्ति वितरण, पोशाक एवं पुस्तक वितरण की स्थिति की भी जानकारी ली.
बीईईओ ने विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने, स्टॉक पंजी नियमित रूप से अपडेट रखने तथा सभी योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपआउट छात्रों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही.
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक कार्यों एवं योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी शिक्षकों व संबंधित कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.

