गम्हरिया: प्रखंड के किसानों को बहुफसली खेती के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से जोड़ने के लिए गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने गांजिया बराज के किसान भवन में किसानों के साथ बैठक की. इसमें ईटागढ़, नुआगढ़, चमारु, बांधडीह, बुरुडीह, यशपुर और दुगनी के किसान एवं किसान मित्र मौजूद रहे.

बीडीओ ने किसानों को बताया कि पारंपरिक खेती के साथ- साथ किसान मोटा अनाज जैसे मक्का, रागी, उड़द, गन्ना, मूंगफली आदि की खेती करके भी बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार की ओर से उन्नत किस्म के बीज मुहैया करा रही है. साथ ही सिंचाई के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं उसका भी किसान लाभ ले सकते हैं. मौके पर स्वर्णरेखा परियोजना के अभियंता रोहित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, एटीएम, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी आदि मौजूद रहे.

