गम्हरिया: गम्हरिया प्रखंड के विभिन्न गांवों में शनिवार से तीन दिवसीय बाहा पर्व की शुरुआत पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ हो गई. इस दौरान मुड़कुम, लुपुंगडीह, मुरूमडीह, पिंड्राबेड़ा सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने रीति-रिवाजों के साथ पर्व का शुभारंभ किया. पर्व के प्रथम दिन ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जाहेरथान परिसर की साफ-सफाई कर विधिवत शुद्धिकरण किया.

पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार उम नाड़का के माध्यम से प्रकृति और ग्राम देवताओं का आह्वान किया जाता है. रविवार को बाहा बोंगा का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा. इस अवसर पर पूरे गांव के लोग एकत्रित होकर पारंपरिक पूजा-अर्चना करेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे. सोमवार को सेंदरा जुलूस निकाला जाएगा. इसके साथ ही पारंपरिक रूप से पानी की होली खेली जाएगी और तीन दिवसीय बाहा पर्व का समापन होगा. पर्व को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है.

