गढ़वा: जिला मुख्यालय में लगभग 10 करोड़ की लागत से तैयार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भवन का उद्घाटन मंगलवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऑनलाइन माध्यम से किया. इस मौके पर जिले के उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं मौजूद थे.

केंद्रीय मंत्री ने भवन की सराहना करते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहद उपयोगी बताया. उन्होंने भवन के समय पर तैयार होने पर प्रसन्नता जाहिर की और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति और भक्ति गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्साह से भर उठा. विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि देश के केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस भवन का उद्घाटन किया. इससे बच्चों की शिक्षा में गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा

