सरायकेला: जिले के ईचागढ़ थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि रांगामाटी- सिल्ली मुख्य सड़क से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना के बाद छापामारी दल का गठन किया गया और रुगड़ी ग्राम में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया.

चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया. तलाशी में स्कूटी से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम बुधराम महली (30 वर्ष) है, जो सिल्ली थाना क्षेत्र के अजयगढ़ का रहने वाला है.
बरामद शराब में मेकडोवेल और आईकोनिक व्हाइट कंपनी के विभिन्न साइज की कुल 60 बोतलें शामिल हैं. इनमें 180 एमएल और 375 एमएल की बोतलें थीं. स्कूटी संख्या JH 01 FA 1694 को भी जब्त कर लिया गया है.
थाना प्रभारी विक्रमादित्य पाण्डेय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में हवलदार राजेश कुमार और चौकीदार ठाकुर दास तांती शामिल थे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के अनुसार अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.

