नीमडीह: फॉरेस्ट गेस्ट हाउस परिसर में शनिवार को वन विभाग द्वारा मुआवजा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने जंगली हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त मकानों के 30 पीड़ित परिवारों के बीच मुआवजा राशि के चेक वितरित किए.

कार्यक्रम में कुकड़ू, नीमडीह और ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के हाथी प्रभावित 30 मकान मालिकों को प्रति परिवार ₹1 लाख 29 हजार की दर से कुल लगभग ₹40 लाख की मुआवजा राशि का चेक सौंपा गया. इसके साथ ही ईचागढ़, चांडिल, नीमडीह और कुकड़ू प्रखंडों के 300 किसानों के फसल क्षति का मुआवजा ₹60 लाख की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन भेजा गया.
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जंगली हाथियों से प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत देने के उद्देश्य से मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है. उन्होंने बताया कि वन विभाग के माध्यम से लगभग ₹1 करोड़ की मुआवजा राशि का वितरण किया गया है.
विधायक ने कहा कि जंगली हाथियों द्वारा मकान या फसल को नुकसान पहुंचाने की स्थिति में वन विभाग के माध्यम से मुआवजा देने का प्रावधान है. उन्होंने ग्रामीणों से वन्य जीवों के संरक्षण और सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की.
कार्यक्रम में रेंजर शशि प्रकाश रंजन, राधा रमण ठाकुर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, मंगल मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

