गम्हरिया: विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण रविवार को घंटों गर्मी और बूंद- बूंद पानी के लिए गम्हरिया के लोग परेशान रहे. नर्सिंग होम और क्लिनिकों में भीषण गर्मी के कारण मरीजों का हाल बेहाल हो गया. इससे लोगों में विद्युत विभाग के प्रति व्यापक आक्रोश है.

जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग ने बिना पूर्व सूचना के मेंटेनेंस के लिए सुबह से ही लाइन काट दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले जब भी मेंटेनेंस के लिए लाइन काटी जाती थी तो अखबारों अथवा अन्य माध्यमों से सूचना दी जाती थी, लेकिन इस बार अचानक सुबह 10 बजे लाइन काटने से लोगों को समझ नहीं आया.
रविवार को महालया और सोमवार से दुर्गा पूजा के कलश स्थापना को लेकर लोग साफ- सफाई और तैयारियों में व्यस्त थे. ऐसे में अचानक बिजली कटने से लोगों में आक्रोश फैल गया. विभिन्न सूत्रों से जानकारी लेने पर पता चला कि विद्युत मेंटेनेंस के लिए पावर काटा गया है.
इस मामले में विद्युत एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन नॉट रिचेबल बताया गया, जबकि जेई ने बताया कि मेंटेनेंस के कारण ही लाइन काटी गई है.

