जमशेदपुर/ Prerna Ojha उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर बुधवार को समाहरणालय सभागार में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने की. बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों और मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री व सेवन को रोकने के लिए चल रहे अभियानों की समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने कहा कि नशीले पदार्थ कानून व्यवस्था के साथ- साथ युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा हैं. उन्होंने निर्देश दिया कि स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए, तस्करों और विक्रेताओं की पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में छापेमारी और गश्त को और प्रभावी बनाया जाए.
उन्होंने पुलिस, उत्पाद एवं अन्य विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने और जन- जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए अभिभावकों व युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने पर जोर दिया. उप विकास आयुक्त ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है, जिसे सभी को अपनाना चाहिए.
बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन और परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657- 2431028 पर दें. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निकाय, ड्रग इंस्पेक्टर, फूड इंस्पेक्टर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

