जमशेदपुर: जिले में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस शनिवार को उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया. इस अवसर पर खासमहल में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

इस मौके पर उपायुक्त ने कहा “योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि यह मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का सशक्त माध्यम है. यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे अपनाकर हम एक निरोग और सशक्त समाज की ओर अग्रसर हो सकते हैं”.
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, स्कूली छात्र- छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया. योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां कराई गईं और उनके लाभों की जानकारी दी गई.
जिले भर में योग कार्यक्रम.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और नगर निकाय क्षेत्रों में भी सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को योग के लाभों से अवगत कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.

