जमशेदपुर: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 को लेकर सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, डीटीओ धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी और निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट किया कि उपचुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा.
उन्होंने कहा कि किसी भी सभा, जुलूस या रैली के आयोजन से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है. पोस्टर, बैनर, होर्डिंग लगाने के लिए भवन स्वामी की लिखित स्वीकृति जरूरी है. प्रचार वाहनों के लिए भी अनुमति अनिवार्य होगी. सोशल मीडिया प्रचार के लिए प्रमाणित अकाउंट का उपयोग करें और एमसीएमसी कोषांग से पूर्व अनुमोदन प्राप्त करें.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि धर्म, जाति, भाषा या समुदाय के आधार पर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास न करें. सरकारी भवनों या परिसरों में बिना अनुमति पोस्टर या बैनर नहीं लगाए जाएं. मतदाताओं को धन, उपहार, शराब या किसी अन्य वस्तु का वितरण पूर्णतः वर्जित रहेगा. चुनाव प्रचार में सरकारी मशीनरी या कर्मचारी का उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की निगरानी के लिए गठित कोषांग, उड़नदस्ता और निगरानी टीम सक्रिय हैं, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगी. बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग का भरोसा दिया.

