जमशेदपुर/ Prerna Ojha पूर्वी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने सोमवार को पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा, सोहदा और कालिकापुर पंचायतों का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया. ग्वालकाटा ग्राम पंचायत के सबर टोला में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत हो रहे आवास निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता की जांच की और लाभुकों से संवाद किया. साथ ही उन्होंने निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया.

इसके बाद सोहदा पंचायत के दुधकुंडी गांव स्थित उच्च विद्यालय में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत नव निर्मित साइकिल स्टैंड और निर्माणाधीन शौचालयों का निरीक्षण किया. वहीं कालिकापुर पंचायत में अबुआ आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया.
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने पोटका स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय के रसोईघर की स्थिति देखी और साप्ताहिक मेनू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी (एमओआईसी) को सभी छात्रों की मलेरिया जांच अनिवार्य रूप से कराने का आदेश भी दिया गया.
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण मुंडा, पंचायत सचिव, जिला आवास समन्वयक, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, ग्राम रोजगार सेवक और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

