जमशेदपुर/ Afroz Mallik पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को धालभूमगढ़ प्रखंड के रावताड़ा पंचायत स्थित बाबईदा गांव का दौरा किया. यह गांव खड़िया जनजाति बहुल है, जहां उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सरकारी योजनाओं की पहुंच और समस्याओं की जानकारी ली.

दौरे के दौरान उपायुक्त ने बाबईदा प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने कक्षा संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों के नामांकन, मध्याह्न भोजन और शिक्षण सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा की. विद्युत कनेक्शन लंबित पाए जाने पर उन्होंने दो दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने पाया कि आंगनबाड़ी केंद्र अस्थायी भवन में संचालित हो रहा है. उपायुक्त ने पोषण, टीकाकरण और शिक्षा पूर्व गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने स्थायी भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि की शीघ्र पहचान कर रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश भी दिया.
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत संचालित आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया गया. उपायुक्त ने दवा की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों के रजिस्टर की समीक्षा की और स्वास्थ्य सेवा में बाधा न आए, इसका निर्देश दिया. उपायुक्त ने ग्रामीणों से पीएम आवास योजना, मनरेगा, पेयजल, पेंशन, सड़क, पशुपालन और कृषि से जुड़ी योजनाओं की स्थिति पूछी और समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचना चाहिए और सभी विभागीय पदाधिकारी इस दिशा में सजगता से कार्य करें. मौके पर एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, बीडीओ बबली कुमारी, सीओ समीर कच्छप और एमओआईसी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

