जमशेदपुर/ Prerna Ojha समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बुधवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, विभिन्न एसडीएम, डीएसपी, एमवीआई, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में मानगो क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या और उसके समाधान पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने सिटी एसपी, डीटीओ और ट्रैफिक एसपी को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार कर जाम मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. ओवरलोडिंग के खिलाफ सघन अभियान चलाने का भी निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम और डीटीओ को दिया गया.
सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा में पाया गया कि जुलाई माह में 24 सड़क हादसों में 11 लोगों की मृत्यु और 16 गंभीर रूप से घायल हुए. इनमें 9 मौतें हेलमेट न पहनने के कारण हुईं, जबकि 5 लोगों की जान हेलमेट पहनने से बची. उपायुक्त ने “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” नियम का सख्ती से पालन कराने और ट्रैफिक पुलिस को जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए. एनएच-33 के होटल सिटी इन और डिमना चौक के पास स्थित दो ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए घुमावदार मोड़ों पर स्लाइडिंग बैरियर लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश एनएचएआई और आरसीडी को दिया गया. हिट एंड रन के लंबित मामलों में शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए.
जुलाई माह में यातायात नियम उल्लंघन पर 345 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए. ट्रैफिक पुलिस ने 18 लाख 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. इस अवधि में 6,848 नए ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें 6,112 पुरुष और 736 महिलाएं शामिल हैं.

