जमशेदपुर/ Afroz Mallik पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक संरक्षक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर राज्य में तीन दिनों के शोक की घोषणा की गई है. साथ ही राज्य के सभी सरकारी कार्यालय दो दिन बंद रहेंगे. इस दौरान सरकारी भवनों एवं कार्यालय एवं पर लगे राष्ट्रीय ध्वज झुके रहेंगे. इधर समाहरणालय सभागार में शोकसभा का आयोजन किया गया.

इस दौरान उपायुक्त, अपर उपायुक्त समेत जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों और विभागीय कर्मियों ने दिवंगत आत्मा को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन का जीवन आदिवासी समाज और झारखंड के लिए प्रेरणास्रोत रहा है. उनका योगदान अविस्मरणीय है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. सिर्फ समाहरणालय ही नहीं, बल्कि जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों में भी शोकसभा आयोजित की गई. पदाधिकारियों और कर्मियों ने एकजुट होकर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.

