दुमका: उपराजधानी दुमका में बुधवार की रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चोरकटा गांव में अज्ञात लोगों ने एक वृद्ध दंपत्ति की घर के अंदर ही बेरहमी से हत्या कर दी. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय नव गोपाल साहा उर्फ मथुरा साह और उनकी पत्नी 55 वर्षीय बीमु बाला साह के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार, दंपत्ति पिछले दो दिनों से घर में अकेले रह रहे थे. उनके परिजन मनसा पूजा के लिए गोड्डा गए हुए थे. बुधवार रात करीब नौ बजे परिवार के लोग घर लौटे तो मुख्य दरवाजा बंद पाया. संदेह होने पर वे दूसरे गेट से अंदर गए, जहां दोनों का शव खून से लथपथ पड़ा मिला.
घटना की सूचना पाकर एसडीपीओ, डीएसपी और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम तक दंपत्ति को जीवित देखा गया था. आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या मंगलवार देर रात या बुधवार सुबह की गई है. थाना प्रभारी सत्यम कुमार ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. परिवार के सदस्य भी कोई ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं. शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि दोनों को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है.

