दुमका (Mohit Kumar) जिला के जामा थाना अंतर्गत निश्चितपुर मोड़ के समीप बाइक सवार अपराधियों ने जावेद अंसारी नामक युवक को पैर में गोली मार दी. गोली मारने के बाद अपराधी जावेद का बाइक लेकर फरार हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस से इलाज के लिए दुमका के फूलो- झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार देवघर जिला के पालोजोरी थाना क्षेत्र के बगदाहा गांव के रहने वाले जावेद अंसारी अपने एक मित्र हरि पंडित के साथ बाइक से सर्टिफिकेट लेने दुमका के सिदो- कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय आए थे. सर्टिफिकेट लेकर वह वापस अपने घर जा रहे थे. इसी बीच निश्चितपुर मोड़ के समीप दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने ओवरटेक कर जावेद अंसारी के बाइक को रोका और बाइक छीनने का प्रयास किया. जावेद ने जब बाइक देने से इंकार किया तो अपराधियों ने गोली मारकर जावेद को घायल कर दिया और बाइक लेकर फरार हो गए. दिनदहाड़े बीच सड़क पर गोली बारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

