DUMKA: झारखण्ड की उपराजधानी दुमका में एक बार फिर एक 10 वीं की छात्रा का शव मिलने सनसनी फैल गई है. बता दें कि जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के बड़तल्ला गांव में संदेहास्पद स्थिति में झाड़ियों के बीच एक नाबालिग लड़की का पेड़ से लटकता शव पुलिस ने बरामद किया है.

मृतका काठीकुंड थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव की रहने वाली बताई जा रही है. बुधवार की सुबह बड़तल्ला गांव के बाहर एक पेड़ से लटकते शव को देख ग्रामीणों ने शोर मचाया. पुलिस को जब इसकी सूचना हुई तो वह मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. मृतका 10वीं की छात्रा थी. जो आमगाछी की रहने वाली थी, लेकिन कुछ दिन पूर्व अपने बड़े पिता के घर बड़तल्ला गांव आई थी. पांच दिन पूर्व वह किसी को कुछ बताये बिना ही घर से चली गई थी. परिजनों ने काठीकुंड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शव पूरी तरह से खराब हो चुका है. जिससे यह पता चल रहा है कि छात्रा की मौत कई दिन पूर्व ही हो गई है. वैसे मामला आत्महत्या का है या हत्या पुलिस इसकी तफ्तीश में जुटी है. फिलहाल पुलिस कुछ भी बोलने से पहरेज करती नजर आयी.

