सरायकेला/ Pramod Singh साईं बाबा का संदेश जन- जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिरडी साईं बाबा के प्रमुख अनुयायी और देश की नामचीन हस्तियों में शामिल डॉ. चंद्रभानु सतपथी बुधवार को सरायकेला पहुंचे. उनका काफिला सरायकेला स्थित साईं मंदिर पहुंचा, जहां धार्मिक कार्यकर्ता एवं नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने छऊ धरती पर गीता दैनन्दिनी और पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद लिया.

मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि ओडिशा के कटक में जन्मे डॉ. चंद्रभानु सतपथी शिरडी साईं बाबा के प्रमुख अनुयायी हैं और वर्षों से बाबा के संदेश को देश-विदेश में फैलाने का कार्य कर रहे हैं. इसी क्रम में उनका सरायकेला आगमन हुआ है. उन्होंने बताया कि डॉ. सतपथी साईं बाबा के मूल संदेश श्रद्धा, सबूरी और मानव सेवा को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान करते हैं. वे एक प्रसिद्ध भारतीय विद्वान, लेखक, पूर्व पुलिस अधिकारी और मानवतावादी भी हैं. देश में कई साईं मंदिरों के निर्माण में उनका योगदान रहा है.
डॉ. सतपथी द्वारा वैदिक ज्योतिष, खगोल विज्ञान, आध्यात्मिकता और विभिन्न स्पिरिटो-धार्मिक विषयों पर कई पुस्तकें लिखी गई हैं. इस अवसर को महत्वपूर्ण बताते हुए मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि उनके सानिध्य में सरायकेला साईं मंदिर का दर्शन और इसके विकास की चर्चा होना गर्व का विषय है.
साईं बाबा का संदेश देते हुए डॉ. चंद्रभानु सतपथी ने कहा कि बाबा का मार्ग केवल आध्यात्मिक उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता, करुणा और सेवा के माध्यम से समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है.
इस अवसर पर होंडा शोरूम के आशीष अग्रवाल, रतन चौधरी, ललित चौधरी, त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के आशुतोष दोदराजका, महिंद्रा ट्रैक्टर के नरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

