पाकुड़: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालीदासपुर पंचायत अंतर्गत धारसुड़ी गांव के बड़ियाटोला में बीती रात घरेलू विवाद में देवरानी ने जेठानी की लाठी- डंडे से पीटकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान मुंडरी किस्कू के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 28 वर्ष थी.

ग्रामीणों के अनुसार, 21 वर्षीय संझली किस्कू को शक था कि उसकी जेठानी मुंडरी किस्कू का उसके पति के साथ अवैध संबंध है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार को कहासुनी के दौरान संझली ने पास में रखे डंडे से मुंडरी के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना पाकर मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव कुमार झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी संझली किस्कू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. घटना के बाद गांव में मातम छा गया है. मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं. बताया जाता है कि मृतका के पति की मौत पहले ही हो चुकी है.

