मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और सबके चहेते ‘हीमैन’ धर्मेंद्र को आखिरकार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. उनकी सेहत में सुधार आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया है. अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा.

ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने जानकारी देते हुए बताया, “धर्मेंद्र जी को आज सुबह सात बजे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. उनकी हालत स्थिर है और अब उनका इलाज घर पर ही चलेगा.”
धर्मेंद्र को 12 दिन पहले सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद उनकी सेहत में सुधार देखा गया. हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर उनके निधन की अफवाहें भी उड़ी थीं, जिन्हें बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने सिरे से खारिज कर दिया था. उन्होंने बताया था कि धर्मेंद्र पूरी तरह स्वस्थ हैं और मीडिया से जिम्मेदारीपूर्वक खबरें प्रकाशित करने की अपील की थी.
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान धर्मेंद्र से मिलने के लिए पूरा देओल परिवार, हेमा मालिनी, ईशा देओल, सनी देओल और बॉबी देओल पहुंचे थे. इसके अलावा, सलमान खान, शाहरुख खान, अमीषा पटेल और गोविंदा जैसे कई फिल्मी सितारे भी उनका हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे थे.
अब धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने की खबर से उनके फैंस ने राहत की सांस ली है और सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं कर रहे हैं.

