धनबाद: जिले के वासेपुर इलाके में एक बार फिर गोलियों की आवाज गूंजी. चर्चित फिल्म गैंग्स ऑफ़ वासेपुर के प्रेरक किरदार से जुड़े गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर देर रात फायरिंग की गई.

घटना रमजान के पहले जुमा की रात करीब 11 बजे तरावीह के दौरान हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार मस्जिद के पास स्थित एक दुकान के सामने दो संदिग्ध युवक खड़े थे. शक होने पर पूछताछ की गई, तभी बबली खान और एक युवक के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई. इसी दौरान एक हमलावर ने कमर से पिस्तौल निकालकर बबली खान पर गोली चला दी. गोली लगते ही इलाके में भगदड़ मच गई. दोनों आरोपी पैदल कलालीबागान की ओर फरार हो गए.
घायल को तत्काल असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं. पूरे वासेपुर इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे फहीम खान और उसके भांजे प्रिंस खान के बीच चल रही पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है. बताया जाता है कि दोनों गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है.
गौरतलब है कि फहीम खान आजीवन कारावास की सजा काट रहा है. वहीं प्रिंस खान के खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है. उस पर रंगदारी, हत्या और अपहरण सहित 91 से अधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का दावा है कि उसके गिरोह के सदस्यों की लगातार गिरफ्तारी की जा रही है.

