धनबाद: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पुत्रवधू और पूर्व विधायक सीता सोरेन ने बुधवार को धनबाद में राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री को “मानसिक रूप से अस्वस्थ” बताते हुए कहा कि पहले उन्हें खुद अपना इलाज करवाना चाहिए, तभी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था संभल पाएगी.

सीता सोरेन ने कहा कि “झारखंड के जो स्वास्थ्य मंत्री हैं, वो खुद बीमार हैं. उनका दिमाग सही से काम नहीं कर रहा है. जब तक वे खुद का इलाज नहीं करवाते, तब तक झारखंड का स्वास्थ्य विभाग कैसे सुधरेगा ?”
उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को “लाचार और जर्जर” बताते हुए कहा कि संथाल परगना के अधिकांश मरीज अब झारखंड पर नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर हैं. “रिम्स 2 की बात की जा रही है, जबकि पुराना रिम्स ही सुधार के नाम पर बदहाल है. नया रिम्स सिर्फ दलाली का अड्डा बनेगा.”
सीता सोरेन ने ‘मइयां सम्मान योजना’ को “ठग योजना” करार देते हुए कहा कि सरकार जहां महिलाओं को पैसे बांटने की बात कर रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग के करीब 3,900 कर्मियों को छह महीने से वेतन नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि “सरकार के पास खुद पैसे नहीं हैं, लेकिन योजनाओं का दिखावा कर रही है.”
खनिज लूट पर भी सीता सोरेन ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि “झारखंड में खनिज संपदा की खुली लूट मची हुई है. इस लूट में थाना प्रभारी, डीएसपी से लेकर एसपी तक शामिल हैं. एसपी के संरक्षण में खनिज तस्करी चल रही है.”
बता दें कि सीता सोरेन बुधवार को कतरास के श्यामडीह में आयोजित दुर्गा सोरेन सेना के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुई थीं, जहाँ उन्होंने संगठन के सदस्यों को संबोधित करते हुए यह बयान दिया.
सीता सोरेन

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
