धनबाद: नॉन बैंकिंग चिटफंड कंपनी रोज वेली के एजेंट कामेश्वर मंडल की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई. हत्या के आरोप में अशोक मंडल को गिरफ्तार किया गया है. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या का कारण निवेश के पैसे को लेकर विवाद था.

सिटी एसपी ने बताया कि दो साल पहले अशोक मंडल ने कामेश्वर मंडल के माध्यम से रोज वेली चिटफंड कंपनी में आठ हजार रुपये निवेश किए थे. निवेश का पैसा वापस मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ और शुक्रवार को बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बिराजपुर पंचायत दामुमुंडा स्कूल के पास अशोक मंडल ने कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर कामेश्वर मंडल को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना मुखिया सुभाष चंद्र दास और परिजनों ने पुलिस को दी. परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से कामेश्वर मंडल को SNMMCH ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मृतक के भाई कृष्णा मंडल की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी अशोक मंडल को गिरफ्तार कर लिया. हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. घटना के बाद एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आरोपी अशोक मंडल लाठी लिए नजर आ रहा है और कामेश्वर मंडल को घसीटकर झाड़ियों की ओर ले जा रहा है. सिटी एसपी ने इस वीडियो की पुष्टि की है.

