धनबाद: झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 29 नवंबर को झरिया थाना क्षेत्र के घनुवाडीह पुल के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर तलाशी ली गई. वाहन में सवार लोगों से पूछताछ के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ.

पुलिस जांच में सामने आया कि एक संगठित गिरोह पश्चिम बंगाल से अभ्यर्थियों को झरिया के एक लॉज में ठहराकर उन्हें प्रश्नपत्र और उत्तर रटवाने का काम कर रहा था, ताकि वे परीक्षा में अवैध तरीके से सफलता प्राप्त कर सकें. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झरिया स्थित बंधन लॉज में छापामारी की, जहां से पूरा रैकेट उजागर हो गया.
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में प्रवेश पत्र, नोट्स, रजिस्टर, मोबाइल फोन, कलाई घड़ियां, अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए. इन सभी दस्तावेजों को गिरोह के सदस्य अपने कब्जे में रखकर परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने की योजना बना रहे थे.
कार्रवाई के दौरान कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश पश्चिम बंगाल के नदिया, राणाघाट, चाकदाहा और हसखली क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी धनबाद का भी बताया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से परीक्षा में पास कराने की कोशिश कर रहा था.
धनबाद पुलिस के अनुसार यह एक बड़े संगठित नेटवर्क के खिलाफ की गई महत्वपूर्ण कार्रवाई है. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इससे जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है.

