धनबाद: जिले के राजगंज थाना क्षेत्र एनएच-19 चाली बंगला के समीप स्थित BBD फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग की. तीन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने पंप के केबिन पर निशाना साधते हुए गोली चलाई. घटना में पेट्रोल पंप के मैनेजर शंभूनाथ अग्रवाल बाल- बाल बच गए.

फायरिंग के दौरान एक गोली केबिन के शीशे को भेदकर दीवार में जा लगी, जबकि दूसरी गोली साइड शीशे पर लगी. अपराधियों ने एक हवाई फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए. अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा- तफरी और दहशत फैल गई.
सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी और राजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर जब्त कर जांच शुरू कर दी. फिलहाल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि पंप बीरबल मंडल का है. वहीं पंप मैनेजर ने कहा कि तीन अपराधी बाइक से आए थे और अचानक गोली चलाने लगे. घटना के बाद से कर्मचारियों में भय का माहौल है. उधर, हमले की जिम्मेदारी मेजर नामक व्यक्ति ने पर्चा जारी कर ली है. ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी जारी है.

