धनबाद: जिले के निरसा मुग्मा एरिया के राजा कोलियरी स्थित निरसा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (ओसीपी) में अवैध कोयला खनन के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. जहां चाल धंसने से बिरसिंहपुर डांगा पाड़ा निवासी एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, जबकि मृतक का शव ग्रामीणों और पोकलेन मशीन की मदद से अवैध मुहाने से बाहर निकाला गया और परिजन तुरंत वहां से चले गए.

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए निरसा मुखिया संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी तीन बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें स्थानीय युवकों की जान गई है. इसके बावजूद कोलियरी प्रबंधन और प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जो इस बात की ओर इशारा करता है कि अवैध खनन में प्रशासन की मिलीभगत हो सकती है. दिनेश सिंह ने आरोप लगाया कि अवैध खनन का विरोध करने पर उनके घर पर कोयला तस्करों ने हमला किया और उन पर व उनके परिवार पर गलत तरीके से एससी- एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी मौके पर प्रशासन का ना पहुंचना “दाल में काला” होने का संकेत देता है. प्रशासनिक अधिकारियों के दावे के मुताबिक, जिले में कोयला चोरी का स्तर “शून्य” है, लेकिन लगातार हो रही घटनाएं उनकी बात को झुठलाती हैं. अब देखना है कि प्रशासन इस हादसे पर क्या कार्रवाई करता है या हमेशा की तरह मामले को ठंडे बस्ते में डाल देता है.

