धनबाद: जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार देर रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग झुलसकर घायल हो गए. मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रशांत कुमार उर्फ गोलू और 70 वर्षीय चिंता देवी के रूप में हुई है.

बताया गया है कि प्रशांत कुमार उर्फ गोलू करीब 15 दिन पहले पटना से अपनी नानी चिंता देवी के घर आया था. घटना के समय मकान में कुल 15 लोग मौजूद थे. प्रथम तल्ले पर 8 लोग, दूसरे तल्ले पर 3 लोग और तीसरे तल्ले पर 4 लोग सो रहे थे. आग प्रथम तल्ले में लगी, जिसके बाद पूरे घर में तेजी से धुआं फैल गया.
देर रात सभी लोग गहरी नींद में थे. अचानक आग लगने से घर में चीख-पुकार मच गई. दूसरे और तीसरे तल्ले पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक धुएं के कारण नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने में भारी कठिनाई हुई. काफी मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला गया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार चिंता देवी अपने कमरे में हीटर चलाकर रात करीब 12 बजे सोई थीं, और करीब एक बजे आग लगने की जानकारी अन्य परिजनों को हुई.
इस हादसे में घर संचालक कुंदन का भांजा गोलू प्रसाद और उसकी नानी चिंता देवी गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे दोनों की मौत हो गई. वहीं ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे छह लोग भी आग की चपेट में आ गए. इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

