धनबाद: जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के प्रधानखंता पंचायत के चरकी डूंगरी टोला में शनिवार रात एक घर से मां और बेटे का सड़ा- गला शव बरामद हुआ है. परिवार के सदस्य और पड़ोसी कई दिनों से दोनों को घर के बाहर नहीं देख पाए थे, जिसके बाद घर से उठी तेज बदबू पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा देखकर इलाके के लोग दंग रह गए.

घर के आंगन में 52 वर्षीय नोमो गोराई का शव पड़ा मिला, जबकि उनके पुत्र 32 वर्षीय कालीपद गोराई का शव घर के अंदर चौकी पर बरामद हुआ.
दोनों शवों की हालत सड़ चुकी मिली, जिससे पूरे मोहल्ले में तेज दुर्गंध फैल गई थी. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच की और पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया है.
घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में शोक व आशंका का माहौल है. परिवार और स्थानीयों ने बताया कि कालीपद पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था और वह अविवाहित होकर सब्जी बेचने का काम करता था, जिस कारण बीमारी से मौत की संभावना जताई जा रही है. ग्रामीणों ने यह भी संकेत दिए हैं कि बेटे की मृत्यु के सदमे में मां की भी मृत्यु हुई हो सकती है, जबकि कुछ लोग समानांतर रूप से सामूहिक आत्महत्या या अन्य कारणों की भी आशंका जता रहे हैं.
थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि घर का मुख्य और पिछला दरवाजा दोनों अंदर से बंद थे, जिससे हत्या की आशंका फिलहाल कम लगता है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.

