धनबाद: पुलिस ने बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित होटल मयहर में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, दर्जनों एटीएम कार्ड, अलग- अलग बैंकों की पासबुक, POS मशीन, स्कॉर्पियो सहित अन्य सामान बरामद किया है.

गिरफ्तार अपराधियों में सूरज चौहान (29), गौतम बुद्ध नगर, नोएडा, शाहिल खान (28), जी.बी.टी. नगर, नोएडा,
पिन्टु कुमार मंडल (23), अहिल्यापुर, गिरिडीह,
बिकू साह (26), विक्रमगंज, रोहता, बिहार और बसंत कुमार (33), भूली ई ब्लॉक सेक्टर-3, धनबाद शामिल हैं.
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) धनबाद के नेतृत्व में टीम का गठन कर होटल मयहर में छापामारी की गई. छापामारी के दौरान होटल के एक कमरे में पांच व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ संदिग्ध अवस्था में पाए गए.
तलाशी में पांचों के पास से कुल 10 मोबाइल फोन, जिनमें फर्जी तरीके से अलग- अलग व्यक्तियों के नाम से निर्गत विभिन्न कंपनियों का सिम लगा हुआ, 38 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, बैंक खाता एक्टिवेट करने में प्रयुक्त 16 सिम कार्ड, फिंगरप्रिंट क्लोन करने का सामान, M-ATM, पेटीएम कंपनी का POS मशीन, 6 हजार रुपये नगद, विभिन्न बैंकों के 203 खाता का स्क्रीन शॉट, और जेएच10एक्स7722 नंबर की एक स्कॉर्पियो बरामद हुई.
गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकारोक्ति में बताया कि वे अपने अन्य साथियों के माध्यम से विभिन्न बैंकों के डमी खाते जोड़ते थे. ये लोग फर्जी APK फाइल जैसे DTO – ई-चालान, SBI Reward, YONO SBI आदि भेजकर SMS और OTP access panel की मदद से कॉल फॉरवर्ड करते और खाते से पैसे निकालते थे.
बरामद मोबाइल फोन की जाँच में इनके व्हाट्सएप चैट में कई एटीएम का फोटो, बैंक अकाउंट नंबर और विवरणी प्राप्त हुई. उक्त खातों के खिलाफ भारत सरकार द्वारा साइबर फ्रॉड शिकायत प्लेटफॉर्म NCRP और JMIS पोर्टल पर कई राज्य में शिकायत दर्ज थी. होटल मयहर के संचालक उपेन्द्र सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.

