धनबाद: झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. न्यायालय और न्यायाधीश के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में उनके खिलाफ अधिवक्ता वकार अहमद ने धनबाद न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई है. शनिवार को इस मामले की सुनवाई होनी है.

गौरतलब है कि 27 सितंबर को नीरज सिंह हत्याकांड मामले में साक्ष्य के अभाव में पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत 10 लोगों को न्यायालय ने बरी कर दिया था. इसके खिलाफ पूर्णिमा नीरज सिंह ने 1 सितंबर को आक्रोश रैली और कैंडल मार्च निकाला था. रणधीर वर्मा चौक पर उन्होंने न्यायालय के फैसले और न्यायाधीश दुर्गेश प्रसाद अवस्थी के खिलाफ टिप्पणी की थी. इस दौरान उन्होंने न्यायालय से प्रतिकूल फैसला आने को “अन्यायपालिका” तक कह दिया था.
इस बयान को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी है. शिकायतकर्ता अधिवक्ता वकार अहमद का कहना है कि न्यायालय हमेशा साक्ष्यों के आधार पर फैसला देती है. नीरज सिंह हत्याकांड में भी साक्ष्यों की कमी के चलते सभी आरोपियों को बरी किया गया था. ऐसे में पूर्व विधायक का सार्वजनिक मंच से न्यायपालिका पर टिप्पणी करना उचित नहीं है. अब इस शिकायत पर शनिवार को न्यायालय में सुनवाई होगी. इस मामले ने धनबाद के राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल मचा दी है.

