धनबाद: आज धनबाद में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने बताया कि GST 2.0 के तहत देश में टैक्स सुधारों से आम आदमी और गरीब तबके को सीधा लाभ मिलेगा. 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाल किले की प्राचीर से दिया गया “दिवाली गिफ्ट” वादा अब जीएसटी में बदलाव के रूप में पूरा हुआ है.

उन्होंने कहा नए सुधारों के तहत दूध, रोटी, पराठा, छेना और कई खाने की चीजों पर अब GST नहीं लगेगा. हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस भी टैक्स फ्री होंगे. 33 जीवन रक्षक दवाएं, दुर्लभ और गंभीर बीमारियों की दवाएं टैक्स मुक्त होंगी. बच्चों की पढ़ाई से जुड़े सामान जैसे पेंसिल, नोटबुक और किताबें भी जीएसटी से मुक्त रहेंगी.
जीएसटी स्लैब में बदलाव से पनीर, घी, नमकीन, भुजिया और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर पर टैक्स 12% या 18% से घटकर 5% हो गया है. 2,500 रुपये तक के कपड़े और जूतों पर टैक्स 12% से घटकर 5% हुआ है. पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स जैसे शैंपू, टूथपेस्ट और हेयर ऑयल पर टैक्स 18% से 5% हुआ है. हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर अब जीएसटी 0% है, जिससे करोड़ों लोगों का प्रीमियम कम होगा.
किसानों के लिए ट्रैक्टर, ट्रैक्टर टायर, खेती- बागवानी मशीनें, हार्वेस्टिंग और कम्पोस्टिंग मशीनों पर टैक्स 12% से घटकर 5% हुआ है. 12 प्रकार के जैव कीटनाशक पर भी टैक्स 12% से 5% कर दिया गया है.
सभी दोपहिया वाहनों और छोटी कारों पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को हजारों रुपए की बचत होगी. सीमेंट और घर बनाने वाले मैटेरियल की कीमत में गिरावट से हर परिवार के लिए अपना घर बनाना आसान होगा. AC और TV भी अब सस्ते हो जाएंगे.
दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में कमी से हर परिवार की मासिक बचत बढ़ेगी. इससे परिवार अन्य वस्तुओं पर खर्च करेगा या निवेश करेगा, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए लाभकारी होगा. भारत में बने उत्पादों की खपत बढ़ेगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे.
यह सुधार देश की आर्थिक मजबूती और आम जनता के लिए लाभकारी है, तथा दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा से पहले खुशियों की दोगुनी सौगात साबित होगा. इस प्रेस वार्ता के दौरान विधायक राज सिन्हा, झरिया विधायक श्रीमती रागिनी सिंह समेत भाजपा के कई नेता उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
