धनबाद: जिले के लोदना ओपी क्षेत्र के लोदना बाई क्वॉर्टर में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. जहां बीसीसीएल के पुराने खाली पड़े जर्जर आवास (खिलान धौड़ा) में बारिश से बचने के लिए खड़े बच्चों और बड़ों पर अचानक छत गिर गई. इस हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए.

मृतक के परिजन धीरेन्द्र पासवान ने बताया कि बारिश के दौरान बच्चे और बड़े जर्जर पड़े बीसीसीएल के खाली आवास में छिपे हुए थे. इस दौरान आवास की छत अचानक ध्वस्त हो गई और सभी मलबे में दब गए. चीख पुकार मचने पर स्थानीय लोगों ने आनन- फानन में सभी को बाहर निकाला. तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को एसएनएमएमसीएच अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

मृतकों की पहचान चिराग, गोपाल और सुषमा के रूप में हुई है. गोपाल और सुषमा मामा- भांजी हैं जबकि चिराग के पिता का नाम कर्मू पासवान है. तीनों नाबालिग थे और शव एसएनएमएमसीएच अस्पताल में रखा गया है.

घटना की जानकारी मिलने पर झरिया विधायक रागिनी सिंह मौके पर पहुंचीं और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी. विधायक ने कहा कि बारिश से बचने के लिए लोग पुराने जर्जर आवास में छिपे थे और इसी दौरान छत गिर गई जिससे तीन की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं. घायल लोगों में दो ट्रैक्टर चालक- खलासी और एक स्थानीय व्यक्ति शामिल हैं, जो बारिश से बचने के लिए उसी आवास में थे.

