धनबाद: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनबाद- गिरिडीह मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. जहां पुरुलिया से धनबाद आ रही बस, जो गिरिडीह के लिए आगे बढ़ने वाली थी, पिकअप वाहन से टकरा गई. बताया जा रहा है कि पिकअप में बांस की अधिक लोडिंग थी. इसी कारण बांस बस की खिड़की का शीशा तोड़ते हुए अंदर घुस गए और यात्रियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को सुरक्षित निकालकर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) भेजा. अब तक पांच लोगों को भर्ती किया गया है, जिनमें महिला यात्री भी शामिल हैं. डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक चिकित्सा दी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, लेकिन कई लोग बाल- बाल बच गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य में मदद की. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और पिकअप वाहन चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है.

