धनबाद: जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चालीबंगला के समीप सोमवार देर रात जामताड़ा से बोकारो लगु पहाड़ जा रही दो बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई. दोनों बसें आदिवासी मंच के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं. इस हादसे में करीब दर्जनभर यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रही एक बस ने तेज रफ्तार में आगे चल रही बस को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के यात्रियों में अफरा- तफरी मच गई. पीछे की बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आगे वाली बस में सवार एक यात्री के पैर की हड्डी टूट गई. अन्य कई यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं.

घटना की सूचना मिलते ही राजगंज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया. हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था. बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से बसों को हटवाकर देर रात यातायात बहाल कराया. फिलहाल पुलिस ने दोनों बसों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

