धनबाद: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में रामकनाली खदान हादसे को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने इस घटना को प्राकृतिक आपदा मानने से इनकार करते हुए इसे कृत्रिम आपदा करार दिया.

मरांडी ने कोयला माफियाओं और जिला प्रशासन की मिलीभगत पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि धनबाद में आए दिन खदान हादसे हो रहे हैं और यह सरकार व प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है. मरांडी ने सवाल उठाया कि जिम्मेदार को कोयला माफिया कहा जाए या जिला प्रशासन, क्योंकि दोनों की मिलीभगत से अवैध खनन और कोयले की लूट चरम पर है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों से मिली जानकारी साझा करते हुए कहा कि रोजाना 500 से 1000 तक ट्रक धड़ल्ले से अवैध कोयला बाहर भेजा जाता है और हाइवा ट्रकों से अवैध वसूली होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला माफिया अवैध कमाई का 20 से 50 लाख रुपये तक अलग-अलग स्तरों पर बांटते हैं और मोटा मुनाफा कमाते हैं.
रामकनाली हादसे में सात लोगों की मौत पर दुख जताते हुए मरांडी ने कहा कि हादसे वाले इलाके में लगभग 50 घर जोखिम में हैं. सरकार और जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावित परिवारों का सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास करना चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि अगर सरकार और प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो भाजपा इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
