देवघर: शहर के बंधा मोहल्ला में बुधवार को पुराने जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार दो अपराधियों ने स्थानीय निवासी मन्नू राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में मन्नू राय को तीन गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद घायल मन्नू राय को आनन- फानन में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मन्नू राय का लंबे समय से एक जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों से तनाव चल रहा था और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया.
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही कुंडा थाना पुलिस दल- बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अपराधियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं.
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. इस गोलीकांड से बंधा मोहल्ला के लोग दहशत में हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
