जमशेदपुर/ Prerna Ojha पूर्वी सिंहभूम जिले में आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विभागों की धीमी प्रगति पर नाराज़गी जताई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि फील्ड स्तर पर वास्तविक काम दिखना चाहिए, फर्जी रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.

उपायुक्त ने बोड़ाम प्रखंड में शहद उत्पादन का लक्ष्य अगले एक साल में एक करोड़ रुपये का निर्धारित किया और कहा कि 22 अगस्त से शुरू होने वाले चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्पादन व गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया जाए. अंधारझोर गांव में वाद्य यंत्र निर्माण को लेकर विशेषज्ञों और कलाकारों की कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया.

डुमरिया प्रखंड में तेल पेराई मशीन को सामुदायिक मॉडल पर संचालित करने और बहरागोड़ा के बंबू क्लस्टर व काजू प्रोसेसिंग को मजबूती देने पर बल दिया गया. पटमदा और पोटका के पोल्ट्री व्यवसाय में महिलाओं की आय में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है. वहीं जमशेदपुर सदर में मशरूम उत्पादन से जुड़े 215 लोगों को एफपीओ से जोड़ा गया है, जिसे मार्केट लिंकज और ब्रांडिंग से जोड़ने का निर्देश दिया गया.

उपायुक्त ने घाटशिला में वुड कार्विंग, डोकरा आर्ट और पैटकर पेंटिंग को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की योजना पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधन, हुनर और लोगों की भागीदारी ही जिले के विकास और आत्मनिर्भरता की असली ताकत है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
