देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान देवघर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए. नगर थाना क्षेत्र के झांसागढ़ी इलाके में चाय दुकान के पास शुक्रवार दोपहर बेखौफ अपराधियों ने एक बाइक सवार युवक को गोली मार दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल युवक की पहचान बिलासी रामपुर आदर्श भवन निवासी उमाशंकर ठाकुर के 20 वर्षीय पुत्र अभिजीत कुमार ठाकुर के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. वहीं, मामले के पीछे रंगदारी की बात भी सामने आ रही है. फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. श्रावणी मेला के दौरान हजारों पुलिस बल की तैनाती के बावजूद ऐसी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

